
EPFO Mobile App Launch: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपने खाताधारकों को एक बड़ी डिजिटल सौगात देने जा रहा है। बता दें कि अप्रैल 2026 में EPFO अपना नया मोबाइल ऐप लॉन्च करने वाला है, जिससे PF (Provident Fund) की राशि यूपीआई (UPI) के जरिए तुरंत निकाली जा सकेगी।वहीं यह अहम कदम EPFO की सेवाओं को और अधिक सरल, त्वरित और तकनीकी रूप से उन्नत बनाने की दिशा में एक बड़ा बदलाव होगा।
जानकारी के अनुसार, इस नई सुविधा के लागू होने के बाद खाताधारकों को EPFO ऑफिस के चक्कर काटने या लंबी प्रतीक्षा का सामना नहीं करना पड़ेगा। वहीं अब वे अपने PF खाते से पैसा निकालने के लिए सिर्फ मोबाइल ऐप और UPI का उपयोग कर पाएंगे। साथ ही, इस खबर को EPFO और श्रम मंत्रालय के सूत्रों ने साझा किया है।
EPFO 3.0 डिजीटल बदलाव का तीसरा चरण
EPFO ने अब तक कई सुधार भी किए हैं, लेकिन यह नया मोबाइल ऐप EPFO 3.0 का हिस्सा है। यानी सुधारों का तीसरा और सबसे बड़ा चरण शामिल किया गया है। दरअसल, इस चरण में EPFO के सभी प्रोसेस को और भी हाई-टेक बनाया जा रहा है, ताकि हजारों खाताधारकों को तेज़, सुरक्षित और आसान सेवाएं दी जा सकें। वहीं, श्रम मंत्रालय के अधिकारी का कहना है कि मोबाइल ऐप में UPI पेमेंट गेटवे को जोड़ने का ट्रायल पहले ही शुरू कर दिया गया है। इसके लिए 100 से अधिक डमी (Dummy) खातों के माध्यम से परीक्षण चल रहा है। इस परीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अप्रैल में ऐप लॉन्च होने के समय किसी भी तकनीकी समस्या का सामना न करना पड़े। बताया जा रहा है कि इस बदलाव के बाद EPFO की सेवाएं एक स्मार्टफोन पर उपलब्ध हो जाएंगी और खाताधारक अपने PF से जुड़ी ज़्यादातर ज़रूरतें ऐप के जरिए पूरा कर सकेंगे।
UPI से निकासी की सुविधा कैसे काम करेगी?
जानकारी के लिए बता दें कि, नया ऐप लॉन्च होने के बाद PF से पैसा निकालना बेहद आसान हो जाएगा। खाताधारक को अब कागज़ी कार्यवाही या ऑफिस जाने की ज़रूरत नहीं होगी। इसके लिए मोबाइल ऐप पर ही UPI के माध्यम से आवेदन करना होगा और पैसा तत्काल बैंक खाते में ट्रांसफर हो जाएगा।
- EPF खाते की कुल राशि का कम से कम 25% हिस्सा फ्रीज़ (रोक) कर रखा जाएगा।
- खाताधारक केवल बाकी 75% राशि में से ही पैसा निकाल पाएंगे।
नया ऐप सिर्फ निकासी तक सीमित नहीं
यह नया मोबाइल ऐप केवल पैसा निकालने की सुविधा तक सीमित नहीं होगा। इसमें कई उपयोगी फीचर्स होंगे, जिनका लाभ खाताधारक उठा सकेंगे।
- पीएफ पासबुक और बैलेंस देखें: खाताधारक अपने पीएफ खाते का अद्यतित बैलेंस सीधे ऐप में देख सकेंगे।
- क्लेम स्टेटस ट्रैक करें: आवेदन करने के बाद भी स्थिति की जानकारी आसानी से मिल जाएगी।
- कई सेवाएं एक ही जगह: जैसे नामांतरण, पैन / आधार अद्यतन, KYC स्थिति आदि,यह सब कुछ ऐप के जरिए संचालित होगा।
पुरानी सिस्टम पूरी तरह से बंद नहीं होगी
बता दें कि, ऐसा नहीं है कि नया मोबाइल ऐप आ जाने के बाद EPFO की पुरानी सेवाएं बंद हो जाएंगी। यूएएन (UAN) और UMANG पोर्टल जैसी सुविधाएँ अभी भी जारी रहेंगी। यानी जिन लोगों को ऐप इस्तेमाल करने में कठिनाई हो, वे पारंपरिक तरीकों का उपयोग जारी रख सकते हैं।
हालाँकि वर्तमान में EPF निकालने की प्रक्रिया में कुछ समय लगता है, फिर भी ऑटो-सेटलमेंट मोड के जरिए अब आवेदन के लगभग तीन दिनों के भीतर क्लेम का निपटान कर दिया जाता है। यही नहीं, EPFO ने हाल ही में ऑटो-सेटलमेंट की सीमा को 1 लाख रुपए से बढ़ाकर 5 लाख रुपए कर दिया है, ताकि बड़े क्लेम भी तेजी से निपट सकें।
हर साल करोड़ों लोगों को भुगतान
EPFO भारत की सबसे बड़ी सामाजिक सुरक्षा एजेंसियों में से एक है। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार EPFO हर साल 5 करोड़ से अधिक क्लेम का भुगतान करता है। इसमें पेंशन, PF निकासी, बीमा और अन्य दावों का भुगतान शामिल है। बताया जा रहा है कि इतना विशाल नेटवर्क और सेवा प्रदान करने वाली संस्था के लिए ग्राहकों को परेशानी-मुक्त, तेज़ और डिजिटल सेवाएं देना अत्यंत आवश्यक है। ऐसे में नया मोबाइल ऐप EPFO की सेवाओं को और अधिक दक्ष, पारदर्शी और उपयोगकर्ता-मित्र बनाएगा।
ये भी पढ़ें: आधार बायोमेट्रिक लॉक करें तुरंत, स्कैमर्स खाली कर सकते हैं अकाउंट






