
Bihar Weather 02 February 2026: बिहार के 12 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। बता दें कि, बिहार में एक बार फिर से ठंड का असर बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग IMD के अनुसार, सुबह और रात के समय बढ़ती ठंड के साथ–साथ घने कोहरे ने लोगों की परेशानी को भी बढ़ा दी है। वहीं, मौसम विभाग IMD ने चेतावनी भी दी। जिससे सड़क और रेल यातयात को प्रभावित होने की आशंका है।
ऐसे में आइए जानते हैं यहां किन जिलों में अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में घने कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग IMD के मुताबिक पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, वैशाली और समस्तीपुर जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है। इन इलाकों में दृश्यता 50 से 200 मीटर तक सिमट सकती है। वहीं राज्य के बाकी जिलों में हल्की से मध्यम धुंध रहने का अनुमान है।
यातायात को लेकर चेतावनी
मौसम वैज्ञानिकों ने चेताया है कि कम दृश्यता के कारण खासकर हाईवे और खुले इलाकों में वाहन चलाने वालों को दिक्कत हो सकती है। सुबह के समय वाहन चालकों को धीमी गति से चलने, फॉग लाइट का उपयोग करने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। दिन चढ़ने के साथ कोहरा धीरे-धीरे छंट सकता है, लेकिन पूरी तरह साफ मौसम फिलहाल मिलने की संभावना कम है।
तापमान में आ सकती है मामूली गिरावट
बता दें कि, पिछले 24 घंटों में रात के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, मौसम विभाग IMD का कहना है कि, फिलहाल शीत लहर या दिन में ठंड जैसी स्थिति बनने के संकेत नहीं हैं। ठंडी हवाओं के कारण सुबह और रात में ठिठुरन बनी रह सकती है, लेकिन दिन में हल्की धूप निकलने से कुछ राहत मिलेगी।
3 फरवरी को हल्की बारिश के आसार
मौसम विभाग IMD के अनुसार 3 फरवरी को दक्षिण-पश्चिम बिहार के कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। जिसमें भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल जिलों में छिटपुट बारिश की संभावना जताई गई है। साथ ही, बारिश के कारण इन इलाकों में तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहने की उम्मीद है।
पटना का मौसम कैसा रहेगा
राजधानी पटना में कल 2 फरवरी की सुबह हल्का सा कोहरा छा सकता है। वहीं, दिन में सीमित समय के लिए धूप निकलने की संभावना है। यहां न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच और अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। अगले 24 घंटों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा।
अगले 48 घंटों में मिलेगी राहत
मौसम विभाग IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। वहीं, अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। इससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
सबौर रहा सबसे ठंडा
न्यूनतम तापमान की बात करें तो भागलपुर का सबौर सबसे ठंडा रिकॉर्ड किया गया, जहां पारा गिरकर 7.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं गयाजी में कोहरे का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला, जहां दृश्यता घटकर केवल 50 मीटर रह गई। राज्य के अधिकांश हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ और बारिश भी नहीं दर्ज की गई।
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग IMD के अनुसार, अगले तीन दिनों तक बिहार के ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क बना रहेगा। वहीं, इसके बाद दक्षिण-पश्चिम बिहार के कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही, उत्तर बिहार के जिलों में अगले दो दिनों तक सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है।
लोगों से अलर्ट रहने की अपील
जानकारी के लिए बता दें कि, मौसम विभाग IMD ने लोगों से अपील की है कि कोहरे के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर रखें। खासकर वाहन चालकों और बुजुर्गों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। साथ ही, बिहार में ठंड अभी कुछ दिन और बनी रहेगी, लेकिन तापमान में धीरे-धीरे सुधार के संकेत भी मिलने लगे हैं।
ये भी पढ़ें: UP Board Exam 2026: सरकार ने सख्त नियम जारी, जूते-मोजे उतरवाने पर रोक, जानें पूरी डिटेल






