
Bharat Bhagya Vidhata: बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ आज शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। रिलीज के साथ ही फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। बता दें की 26/11 मुंबई आतंकी हमले की सच्ची घटनाओं पर आधारित यह फिल्म उन नर्सों और अस्पताल कर्मचारियों की बहादुरी की कहानी दिखाती है, जिन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर सैकड़ों लोगों की जान बचाई थी।
जानकारी के लिए बता दें की इस फिल्म के प्रमोशन के दौरान एक विशेष बातचीत में कंगना रनौत ने अपनी जिंदगी, राजनीति और फिल्म से जुड़े कई अहम पहलुओं पर खुलकर बात की। इसी दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना “भाग्य विधाता” (Modi Ji Mere Bhagya Vidhata) बताया।
कंगना बोलीं- हर इंसान की जिंदगी में होता है एक भाग्य विधाता
कंगना रनौत ने कहा कि जीवन में हर व्यक्ति को किसी न किसी मोड़ पर ऐसा इंसान जरूर मिलता है, जो उसकी दिशा और भविष्य बदल देता है। उनके अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके जीवन में ऐसा ही प्रभाव डाला है।
कंगना ने कहा कि राजनीति में आने और देश की सेवा करने की प्रेरणा उन्हें प्रधानमंत्री मोदी से मिली। जिसमें उन्होंने माना कि उनके जीवन के महत्वपूर्ण बदलावों में मोदी जी की भूमिका प्रेरणादायक रही है। इसी वजह से उन्होंने उन्हें अपना “भाग्य विधाता” बताया।
जॉन अब्राहम की वजह से मिला फिल्म का नाम
कंगना रनौत ने फिल्म के नाम को लेकर भी एक दिलचस्प खुलासा किया। उन्होंने बताया कि फिल्म का शुरुआती नाम ‘नर्सेज ऑफ कामा’ रखा गया था। यह नाम सीधे तौर पर कामा अस्पताल की बहादुर नर्सों को समर्पित था। हालांकि बाद में फिल्म का नाम बदलकर ‘भारत भाग्य विधाता’ रखा गया। कंगना ने बताया कि इस टाइटल के अधिकार अभिनेता जॉन अब्राहम के पास थे। जब उनसे इस नाम के उपयोग की अनुमति मांगी गई तो उन्होंने बिना किसी शर्त के इसे देने का फैसला किया।
कंगना ने इसके लिए जॉन अब्राहम का खास धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी मदद के बिना यह नाम संभव नहीं हो पाता।
26/11 हमले की अनकही कहानी दिखाती है फिल्म
26 नवंबर 2008 को मुंबई पर हुआ आतंकी हमला भारत के इतिहास के सबसे दर्दनाक आतंकी हमलों में से एक माना जाता है। इस हमले में आतंकियों ने ताज होटल, ओबेरॉय-ट्राइडेंट होटल, सीएसटी रेलवे स्टेशन, नरीमन हाउस, लियोपोल्ड कैफे और कामा अस्पताल समेत कई स्थानों को निशाना बनाया था। जिनमें अब तक 26/11 हमलों पर कई फिल्में और वेब सीरीज बन चुकी हैं, लेकिन कामा अस्पताल के स्टाफ और नर्सों की बहादुरी को केंद्र में रखकर शायद ही कोई फिल्म बनाई गई हो।
‘भारत भाग्य विधाता’ इसी अनसुने अध्याय को बड़े पर्दे पर लेकर आई है। फिल्म दर्शाती है कि किस तरह अस्पताल में मौजूद नर्सों और कर्मचारियों ने आतंकियों के खतरे के बीच धैर्य, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।
कंगना निभा रही हैं बहादुर नर्स का किरदार
बता दें की फिल्म में कंगना रनौत ने कामा अस्पताल की एक नर्स की भूमिका निभाई है। उनका किरदार ऐसी महिला का है जो अपनी जान की परवाह किए बिना मरीजों की सुरक्षा को प्राथमिकता देती है।
कहानी के अनुसार, अस्पताल में मौजूद स्टाफ ने मिलकर करीब 400 लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इनमें कई गर्भवती महिलाएं और गंभीर मरीज भी शामिल थे। कंगना ने कहा कि जब देश के जवान और पुलिसकर्मी आतंकियों का मुकाबला कर रहे थे, उसी समय अस्पताल की नर्सें भी अपने कर्तव्य का पालन करते हुए मानवता की रक्षा कर रही थीं।
देशभक्ति और कर्तव्य की भावना से भरपूर है फिल्म
फिल्म का एक संवाद इन दिनों काफी चर्चा में है। “हम इंपोर्टेंट नहीं हैं, लेकिन हम जो करते हैं वो इंपोर्टेंट है।”
यह संवाद पूरी फिल्म के संदेश को दर्शाता है। फिल्म बताती है कि देश की सेवा केवल सीमा पर लड़ने वाले सैनिक ही नहीं करते, बल्कि आम नागरिक भी अपने कर्तव्यों को निभाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देते हैं। ऐसे में ‘भारत भाग्य विधाता’ केवल एक आतंकी हमले की कहानी नहीं है, बल्कि यह साहस, मानवता और जिम्मेदारी की भावना को भी दर्शाती है।
दर्शकों और क्रिटिक्स से मिल रही सराहना
रिलीज के बाद फिल्म को सकारात्मक रिव्यू मिल रहे हैं। समीक्षक कंगना रनौत के अभिनय की तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों का मानना है कि यह फिल्म 26/11 हमले के उस पहलू को सामने लाती है, जिसके बारे में बहुत कम चर्चा हुई है।
सोशल मीडिया पर भी फिल्म को लेकर अच्छी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। दर्शक फिल्म की भावनात्मक कहानी और वास्तविक घटनाओं के चित्रण की सराहना कर रहे हैं।
क्या बॉक्स ऑफिस पर चलेगा जादू?
क्रिटिक्स की प्रशंसा हासिल करने के बाद अब सबकी नजर फिल्म के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर टिकी हुई है। कंगना रनौत की पिछली कुछ फिल्मों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था, लेकिन ‘भारत भाग्य विधाता’ को लेकर सकारात्मक माहौल दिखाई दे रहा है।
फिल्म का विषय देशभक्ति और वास्तविक घटनाओं पर आधारित है, जो दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच सकता है। आने वाले दिनों में यह साफ हो जाएगा कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितना प्रभाव छोड़ती है।
ये भी पढ़ें: Delhi-UP Weather Alert: उत्तर भारत के इन 13 राज्यों में बिगड़ेगा मौसम, IMD ने जारी किया आंधी-बारिश का अलर्ट






