
मेलबर्न में खेले जा रहे Australian Open 2026 का रोमांच अब अपने चरम पर पहुंच चुका है. क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के बाद पुरुष और महिला वर्ग के सेमीफाइनल की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है. सबसे ज्यादा चर्चा में है पुरुष एकल का सेमीफाइनल, जहां Novak Djokovic और Jannik Sinner आमने-सामने होंगे.यह मुकाबला मौजूदा टेनिस दौर की सबसे बड़ी भिड़ंत माना जा रहा है.
क्वार्टर फाइनल में ड्रामा, जोकोविच को मिला फायदा
नोवाक जोकोविच का क्वार्टर फाइनल मुकाबला इटली के Lorenzo Musetti के खिलाफ खेला जा रहा था. मुकाबले में जोकोविच शुरुआत से ही संघर्ष करते नजर आए. जब मुकाबला रुका, उस समय मुसेती 6-4, 6-3, 1-3 से आगे चल रहे थे और ऐसा लग रहा था कि जोकोविच मुश्किल में फंस सकते हैं.
लेकिन इसी दौरान इटैलियन खिलाड़ी लोरेंजो मुसेती ने चोट के कारण मुकाबले से हटने का फैसला किया.उनके रिटायर होते ही जोकोविच को सीधे सेमीफाइनल का टिकट मिल गया. इस तरह किस्मत ने एक बार फिर जोकोविच का साथ दिया और वे अंतिम चार में पहुंचने में कामयाब रहे.
सिनर ने बेन शेल्टन को किया बाहर
दूसरी ओर, नंबर दो वरीयता प्राप्त यानिक सिनर ने क्वार्टर फाइनल में अमेरिका के Ben Shelton को सीधे सेटों में हराया. सिनर ने यह मुकाबला 6-3, 6-4, 6-4 से जीतकर न सिर्फ सेमीफाइनल में जगह बनाई, बल्कि लगातार पांचवें ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल में प्रवेश किया. सिनर का खेल इस टूर्नामेंट में बेहद संतुलित और आत्मविश्वास से भरा नजर आ रहा है. उन्होंने पूरे मैच में शेल्टन को वापसी का कोई बड़ा मौका नहीं दिया.
जोकोविच और सिनर के बीच सेमीफाइनल का महामुकाबला
अब Australian Open 2026 के सेमीफाइनल में टेनिस फैंस को जोकोविच बनाम सिनर का महामुकाबला देखने को मिलेगा. यह मुकाबला इसलिए भी खास है क्योंकि सिनर मौजूदा डिफेंडिंग चैंपियन हैं और उन्होंने हाल के मुकाबलों में जोकोविच पर बढ़त बना रखी है. सिनर का जोकोविच के खिलाफ हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 6-4 है. पिछले 5 मुकाबलों में सिनर ने लगातार जीत दर्ज की है और ऑस्ट्रेलियन ओपन में सिनर लगातार 19 मैचों से अजेय हैं.
10 बार ऑस्ट्रेलियन ओपन जीत चुके हैं जोकोविच
नोवाक जोकोविच इस टूर्नामेंट के सबसे सफल खिलाड़ियों में से एक हैं. वे अब तक 10 बार ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीत चुके हैं. मेलबर्न की कोर्ट को उनकी सबसे पसंदीदा कोर्ट माना जाता है. हालांकि, मौजूदा फॉर्म और आंकड़ों को देखें तो यानिक सिनर को हराना जोकोविच के लिए आसान नहीं होने वाला है.
पिछले साल भी सिनर ने दिया था झटका
जोकोविच के लिए सिनर एक तरह से “चुनौती” बन चुके हैं. क्यूंकि पिछले साल फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में सिनर ने जोकोविच को हराया और विंबलडन सेमीफाइनल में सिनर ने जीत दर्ज की थी. वही, 2024 ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल में भी सिनर ने जोकोविच को बाहर किया. जोकोविच ने 2024 में चारों ग्रैंड स्लैम के सेमीफाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन वे किसी भी टूर्नामेंट का फाइनल नहीं खेल पाए थे.
दूसरे सेमीफाइनल में अल्कराज बनाम ज्वेरेव
पुरुष एकल के दूसरे सेमीफाइनल में Carlos Alcaraz और Alexander Zverev आमने-सामने होंगे.अल्कराज के पास इतिहास रचने का मौका.वही, कार्लोस अल्कराज अब तक यूएस ओपन, फ्रेंच ओपन और विंबलडन जैसे 3 ग्रैंड स्लैम जीत चुके हैं, लेकिन ऑस्ट्रेलियन ओपन अभी तक उनके खाते में नहीं है. अगर अल्कराज यह खिताब जीत लेते हैं, तो वे सबसे कम उम्र में चारों ग्रैंड स्लैम जीतने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे.
ज्वेरेव की पहली ग्रैंड स्लैम तलाश
वहीं एलेक्जेंडर ज्वेरेव अभी तक एक भी ग्रैंड स्लैम नहीं जीत पाए हैं. उनके लिए यह टूर्नामेंट करियर बदलने का बड़ा मौका हो सकता है.
महिला वर्ग में बड़ा उलटफेर
महिला एकल में भी क्वार्टर फाइनल मुकाबलों ने सबको चौंका दिया है.पांचवीं वरीयता प्राप्त Elina Rybakina ने छह बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन Iga Swiatek को सीधे सेटों में 7-5, 6-1 से हराकर टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उलटफेर किया.
रिबाकिना की दमदार वापसी
रिबाकिना का खेल पूरे मुकाबले में बेहद आक्रामक और नियंत्रित रहा. उन्होंने स्वियाटेक को लंबे रैलियों में फंसने नहीं दिया और दबाव बनाए रखा. इस जीत के साथ रिबाकिना महिला एकल के सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं.
पेगुला ने रचा इतिहास
महिला वर्ग के दूसरे क्वार्टर फाइनल में अमेरिका की Jessica Pegula ने हमवतन Amanda Anisimova को 6-3, 8-6 (1) से हराया. यह पेगुला का पहला ऑस्ट्रेलियन ओपन सेमीफाइनल है. अब सेमीफाइनल में उनका सामना एलिना रिबाकिना से होगा.
सेमीफाइनल मुकाबलों से बढ़ा रोमांच
Australian Open 2026 अब ऐसे मोड़ पर पहुंच चुका है, जहां हर मुकाबला इतिहास बदल सकता है. क्या जोकोविच सिनर से बदला ले पाएंगे?क्या अल्कराज अपना अधूरा सपना पूरा करेंगे? या फिर ज्वेरेव और रिबाकिना जैसे खिलाड़ी नया इतिहास लिखेंगे?
दर्शकों में बढ़ गया है जबरदस्त उत्साह
सेमीफाइनल मुकाबलों की तस्वीर साफ होते ही मेलबर्न पार्क में मौजूद दर्शकों के साथ-साथ दुनिया भर के टेनिस फैंस में उत्साह चरम पर पहुंच गया है. स्टेडियम के बाहर और सोशल मीडिया पर एक ही चर्चा है, जोकोविच बनाम सिनर का मुकाबला आखिर किसके नाम रहेगा. यह टक्कर अनुभव और युवा जोश के बीच की जंग मानी जा रही है.






