
Puducherry Election: पुडुचेरी विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान राजनीतिक माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। इसी कड़ी में केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah ने आज सोमवार को मन्नादीपेट विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस और विपक्ष पर जमकर निशाना साधा है। जिसमें उन्होंने खासतौर पर कांग्रेस नेता Rahul Gandhi के हालिया बयान को लेकर हमला बोला और कहा है कि वे पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर देश में भ्रम फैला रहे हैं।
राहुल गांधी के बयान पर पलटवार
अमित शाह ने अपने भाषण में कहा कि दो दिन पहले राहुल गांधी पुडुचेरी आए थे और उन्होंने दावा किया था कि भारत में पेट्रोल की कीमतें गल्फ क्षेत्र में चल रहे संघर्ष के कारण बढ़ी हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए शाह ने कहा कि राहुल गांधी ने जो आंकड़े बताए, वे भारत के नहीं बल्कि पाकिस्तान के हैं। जिसमें शाह ने कहा कि, “राहुल गांधी ने कहा कि पेट्रोल 458 रुपये और डीजल 520 रुपये हो गया है। यह सच है, लेकिन यह भारत की कीमत नहीं है, बल्कि पाकिस्तान की कीमत है। भारत में ऐसी कोई स्थिति नहीं है। इस तरह के बयान देकर कांग्रेस जनता को गुमराह करने का काम कर रही है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल चुनाव जीतने के लिए गलत जानकारी फैलाने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं।
मोदी सरकार की नीतियों का किया बचाव
अमित शाह ने केंद्र की Narendra Modi सरकार की नीतियों का बचाव करते हुए कहा कि आज देश में हर व्यक्ति को आसानी से पेट्रोल और डीजल उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई संकटों के बावजूद भारत ने स्थिति को नियंत्रित रखा है। शाह ने कहा, “दुनिया के कई हिस्सों में संघर्ष और अस्थिरता के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई जगहों पर लोग वर्क फ्रॉम होम कर रहे हैं, लेकिन भारत में स्थिति सामान्य है। यहां न केवल ईंधन की उपलब्धता बनी हुई है, बल्कि कीमतें भी नियंत्रण में हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मोदी सरकार हमेशा आम जनता के हितों को ध्यान में रखकर फैसले लेती है और समय-समय पर राहत देने का काम करती है।
विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप
अमित शाह ने विपक्षी दलों पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल जनता के बीच भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं है और वे सिर्फ राजनीति करने में लगे हैं। शाह ने कहा, “कांग्रेस और उनके सहयोगी दल केवल लोगों को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। उनके पास न तो कोई ठोस योजना है और न ही विकास का विजन। जनता अब सब समझ चुकी है और चुनाव में इसका जवाब देगी।”
NDA बनाम INDIA गठबंधन
भाषण में अमित शाह ने एनडीए और INDIA गठबंधन की तुलना भी की। जिसमें उन्होंने कहा कि एक तरफ एनडीए पूरी तरह एकजुट होकर चुनाव लड़ रहा है, जबकि दूसरी तरफ विपक्षी गठबंधन में ही आपसी मतभेद साफ दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा, “हम एकजुट होकर चुनाव लड़ रहे हैं और हमारा लक्ष्य विकास है। वहीं दूसरी ओर INDIA गठबंधन के सहयोगी दल आपस में ही लड़ रहे हैं। सरकार बनने से पहले ही उनके बीच टकराव शुरू हो गया है। शाह ने यह भी दावा किया कि CPI और CPI(M) जैसे दल पहले ही गठबंधन से अलग हो चुके हैं। इसके अलावा DMK और कांग्रेस भी कई सीटों पर एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।
विकास के मुद्दे पर जोर
अमित शाह ने पुडुचेरी के विकास को लेकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का भी जिक्र किया। जिसमें उन्होंने कहा कि सरकार ने कई नई योजनाएं शुरू की हैं, जिनका सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है। उन्होंने घोषणा की कि मछुआरों को मिलने वाली वित्तीय सहायता को 8,000 रुपये से बढ़ाकर 12,000 रुपये किया जाएगा। इसके अलावा पीएम-किसान योजना के तहत दी जाने वाली सहायता को 6,000 रुपये से बढ़ाकर 9,000 रुपये करने का भी वादा किया। शाह ने कहा कि महिला किसानों को सशक्त बनाने के लिए उन्हें एक दुधारू गाय और दो दुधारू बकरियां देने की योजना भी लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और लोगों की आय बढ़ेगी।
जनता से समर्थन की अपील
भाषण के अंत में अमित शाह ने पुडुचेरी की जनता से भाजपा और एनडीए को समर्थन देने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर लोग विकास चाहते हैं, तो उन्हें एक स्थिर और मजबूत सरकार को चुनना होगा। शाह ने कहा, “हमारा लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं है, बल्कि पुडुचेरी को विकास के रास्ते पर आगे ले जाना है। हम चाहते हैं कि यहां के लोगों को बेहतर जीवन मिले और हर वर्ग का विकास हो।”
ये भी पढ़ें: MK Stalin Interview: एमके स्टालिन का बड़ा हमला, AIADMK को बताया BJP की ‘गुलाम’, DMK की जीत को बताया जरूरी






