
Delhi Temperature: राजधानी दिल्ली में अप्रैल के अंतिम सप्ताह में ही भीषण गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। आज शुक्रवार सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। वहीं, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 धंटे को दौरान दिल्ली और इसके आस-पास सटे इलाकों में ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है, जिसमें लू चलने और तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की चेतावनी दी गई है। साथ ही, मौसम विभाग ने आने वाले दो दिनों में गर्मी और बढ़ेगी, जिससे लोगों को खास सावधानी बरतने की जरूरत है।
तापमान सामान्य से ऊपर
IMD के मुताबिक, आज शुक्रवार के दिन न्यूनतम तापमान 24.5°C दर्ज किया गया है, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री ज्यादा है। वहीं पालम और रिज जैसे इलाकों में यह 25.5°C के आसपास रहा। दिन का अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। इस स्तर का तापमान आमतौर पर मई-जून में देखने को मिलता है, लेकिन इस बार अप्रैल में ही हालात गंभीर हो गए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि जलवायु परिवर्तन और शुष्क हवाओं के कारण गर्मी का असर पहले और ज्यादा तीव्र हो रहा है।
हवा भी हुई खराब, AQI पहुंचा ‘खराब’ स्तर पर
गर्मी के साथ-साथ पॉल्यूशन ने भी दिल्लीवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार सुबह AQI 210 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। धूल भरी हवाओं और तेज धूप के कारण हवा की गुणवत्ता और खराब हो गई है। इससे खासकर बुजुर्गों, बच्चों और सांस के मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि लोग बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें और बाहर जाते समय मास्क या कपड़ा जरूर इस्तेमाल करें।
लू से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां
भीषण गर्मी और लू से बचाव के लिए सावधानी बेहद जरूरी है। कोशिश करें कि दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर से बाहर न निकलें, क्योंकि इस समय तापमान सबसे ज्यादा होता है। शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए खूब पानी, नींबू पानी, छाछ और अन्य तरल पदार्थ पिएं। बाहर जाते समय हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनें तथा सिर को टोपी या दुपट्टे से ढककर रखें। बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखें, क्योंकि वे जल्दी प्रभावित होते हैं। अगर चक्कर आना, सिरदर्द, कमजोरी या उल्टी जैसे लक्षण दिखें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
कब मिलेगी गर्मी से राहत?
भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की उम्मीद जल्द नजर आ रही है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 26 अप्रैल को दिल्ली-एनसीआर में मौसम में बदलाव हो सकता है। दोपहर बाद गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और धूल भरी आंधी चलने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी। 27 अप्रैल को भी आसमान में बादल छाए रह सकते हैं, जिससे गर्मी कुछ कम महसूस होगी। हालांकि यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी और मई महीने में फिर से तापमान बढ़ने के आसार हैं, इसलिए लोगों को अभी सतर्क रहने की जरूरत है।
पड़ोसी राज्यों में भी हालात गंभीर
दिल्ली के साथ-साथ पूरे उत्तर भारत में भी गर्मी ने हालात गंभीर बना दिए हैं। पंजाब के बठिंडा में तापमान 44°C तक पहुंच गया है, जबकि हरियाणा के रोहतक में 43.3°C दर्ज किया गया। राजस्थान में भी लू का प्रकोप जारी है और लोग तेज गर्म हवाओं से परेशान हैं। वहीं दक्षिण भारत में केरल के कोल्लम और पलक्कड़ जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। यह हालात दिखाते हैं कि इस साल गर्मी जल्दी शुरू हुई है और पूरे देश में ज्यादा तीव्र होती जा रही है।
क्या कहता है मौसम विभाग?
मौसम को लेकर भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अहम जानकारी दी है। विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों तक लू की स्थिति बनी रहेगी और तापमान 44°C तक पहुंच सकता है। लोगों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। हालांकि 26 अप्रैल से मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है, जब तेज हवाएं, गरज-चमक और हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी और अस्थायी राहत मिलेगी। मौसम विभाग लगातार हालात पर नजर रखे हुए है और समय-समय पर अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दे रहा है।
ये भी पढ़ें: योगी आदित्यनाथ ही होंगे भाजपा का चेहरा, नितिन नवीन का बड़ा ऐलान






