
Rahul Gandhi Statement: लोकसभा में आज मंगलवार को बड़ा हंगामा हुआ है। दरअसल, विपक्ष के नेता राहुल गांधी के भाषण के बीच सदन की कार्यवाही बाधित हो गई। बता दें कि, हंगामे के बीच कुछ विपक्षी सांसदों पर स्पीकर के आसन की ओर कागज फेंकने का आरोप लगा है। इस घटना को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सख्त कदम उठाया और विपक्ष के 8 सांसदों को मौजूदा बजट सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया।
भाषण के दौरान क्यों मचा हंगामा
जानकारी के अनुसार, आज मंगलवार को लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे दोबारा शुरू हुई। इसके बाद राहुल गांधी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलना शुरू किया। वहीं, अपने भाषण के दौरान उन्होंने चीन और अमेरिका से जुड़े मुद्दों के साथ भारत-अमेरिका ट्रेड एग्रीमेंट का जिक्र किया।
जैसे ही राहुल गांधी ने इन विषयों पर बोलना शुरू किया, सत्ता पक्ष के सांसदों ने आपत्ति जताई। वहीं, पीठासीन स्पीकर ने राहुल गांधी से बार-बार आग्रह किया कि वे राष्ट्रपति के अभिभाषण से जुड़े विषयों पर ही बोलें। इसी बात को लेकर विपक्षी सांसद नाराज हो गए और हंगामा शुरू हो गया।
टेबल पर चढ़े सांसद, चेयर की ओर फेंके कागज
दरअसल, हंगामे के दौरान स्थिति और बिगड़ गई। आरोप है कि कुछ विपक्षी सांसद टेबल पर चढ़ गए और स्पीकर के आसन की ओर कागज फेंकने लगे। इससे सदन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बार-बार की अपील के बावजूद जब व्यवस्था बहाल नहीं हुई, तो स्पीकर ने इसे सदन की मर्यादा के खिलाफ बताते हुए सख्त कार्रवाई का फैसला लिया।
8 विपक्षी सांसद सस्पेंड
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने अनुशासनहीनता के आरोप में 8 विपक्षी सांसदों को बजट सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया।
- हिबी ईडन
- अमरिंदर सिंह राजा वारिंग
- मणिक्कम टैगोर
- गुरजीत सिंह औजला
- किरण कुमार रेड्डी
- प्रशांत पाडोले
- एस. वेंकटेशन
- डीन कुरियाकोस
कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
सांसदों के निलंबन के बाद कांग्रेस ने इस कार्रवाई का जोरदार विरोध किया। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य कांग्रेस सांसदों ने संसद परिसर के मकर द्वार पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने निलंबन को अलोकतांत्रिक बताया और सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भारत-अमेरिका ट्रेड एग्रीमेंट का मुद्दा भी उठाया और कहा कि सरकार इस पर चर्चा से बच रही है।
केसी वेणुगोपाल की प्रतिक्रिया
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने स्पीकर की कार्रवाई पर तीखी प्रतिक्रिया दी। जिसमें उनका कहना है कि राहुल गांधी संसद में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे, लेकिन सरकार उन्हें बोलने से रोक रही है। वहीं, अगर सरकार में हिम्मत है तो वह सांसदों को सस्पेंड करके दिखाए। इसके कुछ समय बाद ही 8 सांसदों का निलंबन कर दिया गया।
सस्पेंड होने पर हिबी ईडन का बयान
लोकसभा से निलंबित होने के बाद कांग्रेस सांसद हिबी ईडन ने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी का कहना है कि, उन्हें संसद के अंदर बोलने क्यों नहीं दिया जा रहा है। साथ ही, आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने अमेरिका के सामने सरेंडर किया है और ट्रेड एग्रीमेंट में कई गड़बड़ियां हैं। वहीं, हिबी ईडन का कहना है कि, एपस्टीन से जुड़ा मामला भी ऐसा मुद्दा है, जिस पर संसद में चर्चा होनी चाहिए थी, लेकिन सरकार ने इस पर बात नहीं होने दी। उन्होंने कहा, हमारे 8 सांसद सस्पेंड हो गए हैं, लेकिन हम संसद के अंदर और बाहर अपना विरोध जारी रखेंगे।
लगातार बाधित हो रही कार्यवाही
गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से संसद की कार्यवाही लगातार हंगामे की वजह से सुचारू रूप से नहीं चल पा रही है। वहीं आज मंगलवार को भी यही स्थिति रही। विपक्ष सरकार से अहम मुद्दों पर चर्चा की मांग कर रहा है, जबकि सत्ता पक्ष का कहना है कि विपक्ष जानबूझकर सदन की कार्यवाही बाधित कर रहा है।
यहां जानें आगे क्या होगा
8 सांसदों के निलंबन के बाद राजनीतिक माहौल और गरमा गया है। जिसमें कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल इस कार्रवाई के खिलाफ और तेज विरोध की तैयारी में हैं। वहीं, सरकार और स्पीकर की ओर से साफ संदेश दिया गया है कि संसद की मर्यादा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: Ramadan 2026: गुनाहों से तौबा और नेकियों का दौर, जानें भारत में कब से शुरू होंगे रोजे






